हजारीबाग:
Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के नापोखुर्द पंचायत स्थित जंगल में सोमवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग के हथियारबंद अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें गैंग के दो अपराधियों के पैर में गोली लगी है। वहीं, दो अन्य अपराधी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल दोनों अपराधियों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
मिली जानकारी के अनुसार, हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि नापोखुर्द पंचायत के जंगल में राहुल दुबे गैंग के चार हथियारबंद अपराधी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में छिपे हुए हैं। सूचना के बाद एसपी ने तत्काल एसआईटी का गठन किया और इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।
अपराधियों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो घायल
पुलिस टीम जैसे ही अपराधियों के करीब पहुंची, उन्होंने भागने की कोशिश की। इसी दौरान अपराधियों की ओर से पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में गैंग के दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि बाकी दो अपराधी मौके से फरार हो गए।

घायल अपराधियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती, फरार आरोपियों की तलाश जारी
घायल दोनों अपराधियों को पुलिस ने तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जंगल और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमन कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि घायल दोनों अपराधियों की पहचान राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के रूप में हुई है।
गोलीबारी की घटनाओं में गैंग की संलिप्तता, पुलिस का सख्त संदेश
एसपी ने कहा कि हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों में हाल के दिनों में हुई गोलीबारी की घटनाओं में इसी गिरोह की संलिप्तता सामने आ रही है। पुलिस इन गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरार दोनों अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हजारीबाग पुलिस ने साफ किया है कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा। हथियार के बल पर दहशत फैलाने और रंगदारी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।