logo

शिवचंद्र राम के समर्थन में आए तेज प्रताप, कहा— हम साथ खड़े हैं; उनके साथ हुआ व्यवहार निंदनीय हैं!

vv2.jpg


पटना/बिहार
MLC चुनाव में टिकट नहीं मिलने से आहत वरिष्ठ नेता शिवचंद्र राम ने सोमवार को राजद के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। इस घटनाक्रम के बाद अब जनशक्ति जनता दल के संरक्षक तेज प्रताप यादव उनके समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शिवचंद्र राम के प्रति अपनी एकजुटता जाहिर की है।

 

योगदान का सम्मान होना चाहिए था
तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में कहा कि शिवचंद्र राम का पार्टी पद से इस्तीफा देना बेहद दुखद और पीड़ादायक क्षण है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक संगठन और समाज के लिए समर्पित होकर काम करने वाले शिवचंद्र राम ने संत रविदास के आदर्शों पर चलते हुए पूरे बिहार में समाज को जोड़ने का कार्य किया है। उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक योगदान का सम्मान होना चाहिए था, लेकिन उनके साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह निराशाजनक और निंदनीय है।

सामाजिक न्याय की भावना का किया जिक्र
अपने संदेश में तेज प्रताप ने सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों की भावना के अनुरूप सभी को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस कठिन समय में वह शिवचंद्र राम के साथ खड़े हैं। उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल भी उनके संघर्ष, समर्पण और सम्मान की लड़ाई में पूरा समर्थन देती है। हालांकि अब राजद के पार्टी नेतृत्व ने शिवचंद्र राम के इस्तीफे को नामंजूर कर दिया है।

Tags - Tej Pratap Yadav Shivchandra Ram RJD News Bihar Politics MLC Election Bihar