द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बक्सर जिले में दो महिलाओं ने एक दूसरे से शादी कर ली. दोनों के शादी करने के बाद इलाके में कई तरह की चर्चा हो रही है. कुछ लोग इसे प्रेम की मिसाल मान रहे हैं, वहीं कई इसे सामाजिक मान्यताओं के खिलाफ बता रहे हैं. जानकारी के अनुसार, संध्या देवी और रूबी कुमारी ने एक दूसरे से शादी कर ली. यह मामला बगेन गोला थाना क्षेत्र का है. बता दें संध्या देवी पहले से ही शादीशुदा हैं. उनकी शादी वर्ष 2010 में अतवारु यादव के साथ हुई थी और उनके दो बच्चे हैं, एक 12 साल की बेटी और एक 10 साल का बेटा. उनके पति बाहर रहकर नौकरी करते हैं. वहीं, रूबी कुमारी अविवाहित हैं और उनके पिता मनोज शाह बगेन गोला में ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं.
बताया जा रहा है कि संध्या और रूबी के बीच करीब 15 दिन पहले नजदीकियां बढ़ी. दोनों साथ में वीडियो बनाती थी और ऐसे में धीरे धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई. दोनों ने उत्तर प्रदेश के विंध्याचल स्थित अष्टभुजी मंदिर जाकर विधि-विधान से शादी की. यही नहीं शादी के बाद वे बक्सर लौटीं और रामेश्वर नाथ मंदिर में भी एक-दूसरे को माला पहनाकर विवाह की रस्म निभाई. हालांकि दोनों के परिवार इस रिश्ते को मान्यता देने से इनकार कर रहे हैं. संध्या और रूबी ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार वाले उन्हें धमकी दे रहे और उन्हें घर में घुसने नहीं दिया जा रहा है. इस कारण से दोनों इधर-उधर भटक रही है. संध्या ने अपने पति पर आरोप लगाया और कहा वह शराब के नशे में उन्हें धमकाते थे और छोटी-छोटी बातों पर विवाद करते थे. संध्या ने तलाक लेने की कोशिश नहीं की, क्योंकि उनका पति इसके लिए तैयार नहीं था.
वहीं रूबी का कहना है कि उन्हें पुरषों से नफरत है. वह किसी भी पुरुष के साथ शादी नहीं करना चाहती. इस कारण उन्होंने संध्या के साथ जीवन बिताने का फैसला किया. रूबी ने खुदको संध्या को अपना पति मान लिया है. दोनों ने साथ रहने और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया है. फिलहाल पुलिस के पास इस मामले को लेकर दोनों के ओर से कोई आधिकारिक आवेदन नहीं दिया गया है.
.jpeg)