logo

राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली करने को लेकर तैयारियां तेज, भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर मांगी सरकारी सामानों की पूरी लिस्ट

राबड़ी_आवास.jpg

पटना/बिहार 
राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली करने को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी जल्द ही 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करेंगी, लेकिन इससे पहले उन्होंने भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर विभाग की ओर से मुहैया कराई गई सभी सरकारी सामानों की पूरी सूची और चार्ज रजिस्टर की मांग की हैं, ताकि सामान सौंपते समय किसी तरह का विवाद या कानूनी परेशानी उत्पन्न न हो। इसे लेकर विभाग को पत्र भी भेज दिया गया है।

आवास में पैकिंग और शिफ्टिंग का काम अंतिम चरण में
दरअसल राबड़ी देवी का कहना है कि बंगला खाली करते समय हर सामान का रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा, ताकि हैंडओवर की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे और भविष्य में किसी तरह का प्रशासनिक या कानूनी विवाद पैदा न हो। पत्र में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आवास में पैकिंग और शिफ्टिंग का काम अंतिम चरण में है। विभाग द्वारा तय 29 जून की समयसीमा के भीतर बंगला खाली कर दिया जाएगा। इस पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास का निर्माण कार्य पूरा होने की आधिकारिक सूचना अभी तक उन्हें नहीं मिली है।

तेजस्वी के बंगला विवाद से लिया सबक
राबड़ी देवी का यह कदम पहले हुए तेजस्वी यादव के सरकारी बंगले से जुड़े विवाद के बाद काफी अहम माना जा रहा है। तेजस्वी द्वारा 5 देशरत्न मार्ग स्थित सरकारी आवास खाली करने के दौरान वहां मौजूद सरकारी सामान को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। कहा जा रहा है कि इसी अनुभव से सबक लेते हुए राबड़ी देवी ने इस बार पहले से ही चार्ज रजिस्टर और सरकारी सामान की सूची उपलब्ध कराने की मांग की है। सरकारी नियमों के अनुसार, आवास खाली करते समय विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए सभी सामान का रिकॉर्ड से मिलान करना अनिवार्य होता है। ऐसे में उनका प्रयास पूरी हैंडओवर प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप और विवादमुक्त तरीके से पूरा करने का है।

Tags - Rabri Devi Rabri Devi bungalow Rabri Devi government residence