logo

राबड़ी देवी को आवास को लेकर मिला अंतिम मौका, 7 दिन में करना होगा खाली नहीं तो होगी कानूनी कार्रवाई

rabdi_devi.jpg

पटना/बिहार 
पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने को लेकर अब राबड़ी देवी के पास केवल 7 दिन शेष हैं। भवन निर्माण विभाग ने एक बार फिर से अंतिम नोटिस 22 जून को अंतिम नोटिस जारी किया। इस हिसाब से 29 जून तक राबड़ी देवी को आवास खाली करना होगा। माना जा रहा है कि राबड़ी देवी अगर एक सप्ताह के भीतर बंगला खाली नहीं करती है तो विभाग उनके खिलाफ सख्त कदम उठाएगा। बता दें कि राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड आवास आवंटित किया गया है, वहीं 10 सर्कुलर रोड आवास डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है।

7 दिनों के अंदर बंगला खाली
गौरतलब है कि राबड़ी देवी को 15 दिसंबर 2025 को ही बंगला खाली करने का नोटिस भेजा गया था, लेकिन अब तक उनकी तरफ से बंगला खाली नहीं किया गया है। नोटिस में एक बार फिर से स्पष्ट किय़ा गया कि बिहार सरकारी परिसर (आवंटन, किराया, वसूली एवं बेदखली) संशोधन अधिनियम 2024 के तहत 7 दिनों के अंदर बंगला खाली किया जाए। आवास खाली नहीं होने पर नियम के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि बीते दिनों ही भवन निर्माण विभाग की ओर से दिए गए 15 दिनों की अल्टीमेटम खत्म होने के बाद राबड़ी देवी ने लालू यादव की तबीयत खराब होने की बातों का जिक्र करते हुए बिहार सरकार को एक लेटर लिखा था और कुछ समय और देने की मांग की थी। 

राजनीति में सियासी घमासान तेज
राबड़ी ने अपने पत्र में लिखा था कि लालू यादव के स्वास्थ्य को देखते हुए बंगला में उन्हें एक सेपेरेट कमरा अलॉट किया गया है। लेटर में राबड़ी देवी ने कुछ और दिनों की मोहल्लत मांगते हुए स्पष्ट किया था कि उनका 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास पूरा होते ही वहां शिफ्ट हो जाएंगी। हालांकि बीते दिनों राबड़ी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली होने की भी तस्वीरें और वीडियो सामने आई थीं। उस समय राबड़ी  अपना सामान अपने छोटे बेटे तेजस्वी यादव के घर पर शिफ्ट कर रही थीं। आवास खाली करने को लेकर लगातार बिहार की राजनीति में सियासी घमासान तेज है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नोटिस की समय सीमा समाप्त होने के बाद सरकार अगला कदम क्या उठाती है।

Tags - Rabri Devi bungalow notice Rabri Devi residence controversy