पटना
नीतीश कुमार के विवादित बयान देने पर तेजस्वी यादव ने उनका बचाव किया है। इसके बाद तेजस्वी जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के निशाने पर आ गये। प्रशंत ने कहा कि आप कितने पढ़े-लिखे हैं, जनता को ये बात मालूम है। प्रशांत किशोर ने कहा कि तेजस्वी यादव नौवीं पास हैं। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा में मंगलवार को सीएम नीतीश कुमार ने महिलाओं को लेकर विवादित बयान दिया। उस पर तेजस्वी यादव ने कहा कि वो केवल सेक्स एजुकेशन की बात कर रहे थे। इसकी पढ़ाई स्कूलों में भी होती है।

तेजस्वी यादव किस स्कूल में गए हैं
इसी के जवाब में प्रशांत किशोर ने कहा कि तेजस्वी यादव किस स्कूल में गए हैं। किस स्कूल में सेक्स एजुकेशन की पढ़ाई उन्होंने की है। ये बात उनको जनता में सार्वजनिक करनी चाहिए। जहां तक जनता जानती है, उन्होंने नौंवी भी पास नहीं की है। इस हालत में वो एजुकेशन की बात कैसे कर सकते हैं। कहा कि दरअसल ये तेजस्वी यादव के ज्ञान का भी प्रदर्शन है। ये बताता है कि जब आप खुद विद्यालय नहीं गए हैं, तो आपको यही लगेगा। मान लीजिए कि हम अंतरिक्ष में नहीं गए हैं। हमें नहीं मालूम है कि अंतरिक्ष में क्या होता है। तेजस्वी यादव जब खुद ही विद्यालय नहीं गए हैं, तो उन्हें कैसे मालूम होगा कि स्कूल में सेक्स एजुकेशन पढ़ाया कैसे जाता है।

राज्य में आधी आबादी महिलाओं की
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि इस राज्य में आधी आबादी महिलाओं की है। जिस भाषा का नीतीश कुमार प्रयोग कर रहे हैं, जिस संदर्भ में उन्होंने बात की है कि इसे सेक्स एजुकेशन का हिस्सा बताना अनुचित है। तेजस्वी यादव की ही पार्टी के शिक्षा मंत्री हैं, तो यहां की शिक्षा में सेक्स एजुकेशन को शामिल कर दीजिए। तेजस्वी यादव भी घर-घर जाकर पूरे पब्लिक के लिए सेक्स एजुकेशन शुरू कर दें, तो पता चलेगा कि पब्लिक कैसे रिएक्ट करती है।
