द फॉलोअप डेस्क:
पटना (Patna) में बिहार विधान परिषद चुनाव (Bihar Vidhan Parishad Election) की मतगणना के बीच बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, कागजात से भरा बैग लेकर मतगणना केंद्र के अंदर जा रहे दो सरकारी कर्मचारियों को राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। इस दौरान कर्मचारियों के पास मौजूद सरकारी दस्तावेज छीनने की कोशिश की गई, जिससे कागजात सड़क पर बिखर गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी और ‘वोट चोर’ के नारे लगाए। इस घटनाक्रम से मतगणना केंद्र के बाहर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।

मतगणना केंद्र की व्यवस्था पर उठे सवाल
विधान परिषद चुनाव की मतगणना के दौरान बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। इस बीच समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी देखने को मिला। मतगणना केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए गए। समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी बातें रखीं। मतगणना केंद्र के बाहर बने इस माहौल के बीच सरकारी दस्तावेजों को लेकर हुई घटना भी चर्चा का विषय बनी रही।

अनंत सिंह के आवास पर भी हलचल तेज
बिहार विधान परिषद चुनाव की मतगणना के बीच पटना में मोकामा के विधायक अनंत सिंह के सरकारी आवास पर भी तैयारियां जारी रहीं। अनंत सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। ऐसे में मतगणना के दौरान उनके आवास पर चल रही गतिविधियों पर भी लोगों की नजर बनी हुई है। एक ओर मतगणना केंद्र के बाहर हंगामे और चुनावी पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी ओर राजनीतिक खेमों में नतीजों को लेकर हलचल तेज है।