द फॉलोअप डेस्क
बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर शनिवार को राज्य के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने स्थिति को स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे और परिसीमन में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि प्रमुख और उपप्रमुख का चुनाव पूर्व में निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही संपन्न होगा। मंत्री दीपक प्रकाश आज टनकुप्पा प्रखंड के बरसौना गांव पहुंचकर विवादित पंचायत सरकार भवन निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। मंत्री के आगमन पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने फूल-माला और अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात दोहराई। उन्होंने सीओ से मिलकर जमीन से संबंधित विस्तृत जानकारी भी ली। हालांकि इस दौरान उन्होंेने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
.jpg)
मंत्री ने निरीक्षण के दौरान संवेदक और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराने को भी निर्देश दिया। गौरतलब है कि लगभग एक महिने पहले ही सरकारी जमीन पर पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ग्रामीणों द्वारा आपत्ति जताने के बाद इसे रोक दिया गया था। बाद में अंचलाधिकारी द्वारा जमीन की मापी कराई गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि निर्माणाधीन भूमि बिहार सरकार की ही है। इसके बाद विवाद का समाधान कर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई। मौके पर अनिल कुमार मेहता, चंदन कुमार यादव, राजीव प्रकाश, शक्ति चंद्रवंशी, जितेंद्र पासवान सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।