नवादा/बिहार
नवादा में आज रविवार सुबह राइस मिल के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें 50 हजार का एक इनामी अपराधी को पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से पुलिस ने अपराधियों के पास से देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए हैं। मामला रोह थाना क्षेत्र के कोशी गांव का है।

अशोक मिस्त्री हत्याकांड
दरअसल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सुनसान राइस मिल में अपराधी छिपे हुए हैं। उसके बाद पुलिस ने एसआईटी टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की। और अपराधियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। जिससे 50 हजार का इनामी अपराधी मिंटू यादव को पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, मिंटू यादव जमूई का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, मिंटू यादव अशोक मिस्त्री हत्याकांड का नामजद अभियुक्त है।

कुछ दिन पहले भी हुआ था एनकाउंटर
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों पहले भी पटना के रामकृष्ण नगर में पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर हुआ था। मामला 20 लाख की ज्वेलरी शॉप में लूटपाट का था। जिसमें अपराधी दिलीप कुमार का एनकाउंटर किया गया था। नवादा की इस हालिया मुठभेड़ ने साफ कर दिया है कि पुलिस अब अपराधियों को बख्शने के मूड में नहीं है। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मिंटू यादव के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।