पटनाः
खान सर जब-जब विवाद में आते हैं, तब तब उनके नाम और धर्म पर सवाल उठने लगता है। खान सर का नाम एक मिस्ट्री बनी हुई है। अब यह मिस्ट्री धीरे-धीरे सुलझती दिख रही है। एक निजी समाचार चैनल ने एक वीडियो रिपोर्ट की है जिसमें खान सर के इतिहास को खंगाला गया है। उस वीडियो में खान सर के पुराने परिचितों से बात की गई है।

कहां से हुई थी खान सर की पढ़ाई
वीडियो में उनके कुछ क्लासमेट और उनकी स्कूल की प्रिंसिपल भी शामिल हैं। खान सर का जन्म उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 1993 में हुआ था। वहीं, उन्होंने देवरिया जिले के भाटपाररानी कस्बे के परमार मिशन स्कूल से स्कूली पढ़ाई की।
फैजल खान नाम है
खान सर के करीबियों का कहना है कि उनका असली नाम फैजल खान है। उनके करीबियों में उनके क्लासमेट भी हैं। स्कूल की प्रिंसिपल पूनम परमार ने भी उनका नाम फैजल खान ही बताया है। उन्होंने खान सर के बारे में बात करते हुए कहा है कि वो एवरेज स्टूडेंट थे। काफी समझदार भी थे।

दुनिया के चर्चित शिक्षकों में से एक हैं
पटना वाले खान सर यू-ट्यूब की दुनिया के चर्चित शिक्षकों में से एक हैं। उनका चैनल खान जीएस रिसर्च सेंटर (Khan GS Research Centre) लोकप्रिय है। इसके करीब 1.45 करोड़ फॉलोवर्स हैं। वे करेंट अफेयर्स और जीएस के टॉपिक्स को इतनी सरलता से समझाते हैं कि हर कोई उनका दीवाना है। वे पढ़ाते वक्त विद्यार्थियों और उम्मीदवारों से ठेठ देसी बिहारी अंदाज में ही बात करते हैं।