logo

कैमूर में समृद्धि यात्रा के दौरान CM नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, हर जिले में मेडिकल कॉलेज और 1 करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार 

CM_NITISH_KAIMUR.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के नौघरा गांव में मंगलवार को समृद्धि यात्रा के दौरान जनता को संबोधित करते हुए बिहार सरकार की विकास योजनाओं का व्यापक परिचय दिया। उन्होंने बताया कि राज्य में हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने और 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम नीतीश ने याद दिलाया कि 24 नवंबर 2005 को जब पहली बार एनडीए की सरकार बनी थी, उस समय बिहार में स्थिति बेहद कठिन थी। शाम के बाद लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे, कानून व्यवस्था कमजोर थी, पढ़ाई का अभाव था, इलाज की सुविधा नहीं थी, सड़कें और बिजली की समस्या थी। नीतीश कुमार ने कहा कि धीरे-धीरे विकास के लिए काम शुरू हुआ और आज बिहार में कानून का शासन स्थापित है, भय का माहौल समाप्त हुआ है और लोगों में भाईचारा बढ़ा है। सीएम ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया। नियोजित शिक्षकों की बहाली की गई और पोशाक व साइकिल योजना शुरू की गई। इससे स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ी। पहले बिहार में केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे और उनकी स्थिति भी खराब थी। अब राज्य में मेडिकल कॉलेज की संख्या 12 हो गई है और आने वाले समय में हर जिले में मेडिकल कॉलेज होगा।

नीतीश कुमार ने बताया कि पीएचसी में मुफ्त इलाज और दवा, PMCH में 5400 बेड और अन्य पांच मेडिकल कॉलेज में 2500 बेड का निर्माण किया जा रहा है। वहीं बिहार अब मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर हो गया है। सड़क, पुल-पुलिया का निर्माण हुआ है और बेहतर सड़क व्यवस्था से किसी भी जिले से पटना पांच घंटे में पहुँचा जा सकता है। सात निश्चय योजना के तहत हर घर बिजली,  हर घर नल का जल की व्यवस्था की गई। अब सात निश्चय योजना तीन के तहत कई कार्य कराए जा रहे हैं। अब सबके घरों की छत पर सोलर पैनल लगाया जाएगा। इसके लिए 50 लाख लोगों के घरों पर सोलर पैनल लगाने की स्वीकृति दे दी गई है। बिहार में रोजगार को लेकर सीएम ने कहा कि राज्य में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले बार 50 लाख युवाओं को रोजगार और नौकरी मिली। वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों को 1,100 रुपये पेंशन दी जा रही है, जिसका लाभ 1.14 करोड़ लाभुकों को मिल रहा है। 2016 से सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया जा रहा है, जिससे महिलाओं की संख्या नौकरी और स्वयं सहायता समूह में बढ़ी है। समृद्धि यात्रा के दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, जिले के प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खां सहित अन्य नेता मौजूद थे।

Tags - bihar chief minister nitish kumar kaimur district chainpur assembly naughra village samriddhi yatra government development plans medical college in every district employment for 1 crore youth