पटना के दानापुर में इंटर के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र की पहचान झाझा के पिपराडीह निवासी रमेश सिंह के 20 वर्षीय बेटे ओम सिंह के रूप में हुई है। ओम सिंह दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र के विश्वेश्वरैया नगर मोड़ के पास किराए के मकान में पिछले करीब ढाई साल से रहकर पढ़ाई कर रहे थे। 27 मार्च को उनकी परीक्षा थी। सुबह 6 बजे चचेरे भाई की बेटी ओम को उठाने गई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। उन्हें लगा कि ओम देर रात तक पढ़ाई करता है, इसलिए सो रहा होगा।
करीब एक घंटे बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो खिड़की से झांककर देखा, लेकिन कुछ साफ नहीं दिखा। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो ओम छत के हुक से रस्सी के फंदे में लटका हुआ मिला। इसके बाद तुरंत उसके पिता और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह के अनुसार, आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी।