द फॉलोअप डेस्क
बिहार के गोपालगंज से रामनवमी ड्यूटी खत्म कर लौट रहीं दो महिला सिपाही सड़क दुर्घटना में घायल हो गई। घटना न्यू बंजारी बाईपास के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दोनों महिला कांस्टेबल ड्यूटी पूरी कर ई-रिक्शा से पुलिस लाइन लौट रही थीं। तभी अचानक एक तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक समेत दोनों महिला सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में तीनों घायलों का इलाज जारी है। पुलिस द्वारा पुछताछ में प्रत्यक्षदर्शियों के बताया कि ट्रैक्टर की स्पीड काफी तेज थी जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
.jpeg)