logo

पटना में दिनदहाड़े हत्या, कोचिंग जा रही लड़की को मनचले ने मारी गोली 

पटना में दिनदहाड़े हत्या, कोचिंग जा रही लड़की को मनचले ने मारी गोली 

द फॉलोअप डेस्क
पटना से सटे मसौढ़ी में आज सुबह-सुबह गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। यहां कोचिंग जा रही लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लड़की का नाम अनामिका बताया जा रहा है। घटना की लेकर मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार अपराधियों ने लड़की को गोली मारी और बंदूक लहराते हुए फरार हो गए। घटना थाने से महज 500 मीटर की दूरी की है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई में पुलिस जुट गई है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


 अनामिका की कनपटी में लगी गोली
घटना मसौढ़ी के मनीचक रोड की है। अपराधियों ने सुबह कोचिंग जा रही छात्रा को निशाने पर लिया। रोज की तरह कोचिंग के लिए जा रही छात्रा जैसे ही वो मानिकचंद मोड़ के पास पहुंची तो आरोपी युवक उसके पास पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गोली अनामिका की कनपटी में लगी और वह वहीं गिरकर छटपटाने लगी। घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ी थाना प्रभारी संजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में पुलिस ने अनामिका को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 


एकतरफा प्यार का लग रहा मामला
पुलिस ने बताया कि इलाके की सीसीटीवी खंगालने पर पता चला कि हत्या करने के बाद अपराधी पटेल नगर की तरफ फरार हो गए। उस इलाके को सील कर दिया गया है। घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि शुरुआत में मामला एकतरफा प्यार का लग रहा है। अनामिका और आरोपी दोनों एक ही कोचिंग में पढ़ते थे। आरोपी लगातार उसे प्रपोज करता था। अनामिका लगातार इनकार कर रही थी। इसी को लेकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल जांच जारी है।