नवादा/बिहार
बिहार के नवादा जिले में शुक्रवार की रात जंगली हाथियों ने एक युवक को पटक-पटक कर मार डाला। पिछले एक महीने में यह दूसरी घटना है। घटना गोविंदपुर प्रखंड के माधोपुर पंचायत के जेठसारी टोला स्थित आनंद नगर का है। सूचना मिलते ही वन विभाग मौके पर पहुंची।

इलाके में भय का माहौल
सूत्रों के अनुसार, घटना रात 10 बजे की है। इलाके में हाथियों की झुंड अचानक घुसी और आफत मचाना शुरु कर दी। जिसे देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी क्रम में बच्चू राम नाम का एक व्यक्ति जिसकी उम्र 58 वर्ष बताई जा रही है, हाथी के चपेट में आ गया और हाथी ने उसे पटक-पटक कर मार डाला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दौरान हाथियों ने कई लोगों के आशियाना को भी उजाड़ डाला। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पिछले एक महीने में यह दूसरी घटना है। इससे पहले 8 अप्रैल को भी इसी पंचायत में ब्रह्मदेव यादव की पत्नी मुन्ना देवी की जान हाथी ने ले ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इस दौरान वन विभाग के रेंजर राकेश कुमार ने बताया कि करीब 24 हाथियों का झुंड पिछले एक महीने से इस क्षेत्र में सक्रिय था। विभाग द्वारा हाथियों के झुंड को रजौली के जंगल की ओर खदेड़ दिया गया था, लेकिन एक हाथी अब भी इलाके में भटक रहा है, जो इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा दिया जाएगा।