द फॉलोअप डेस्कः
जम्मू क्षेत्र के पुंछ में सेना पर हुए आतंकवादी हमले में बिहार के नवादा जिले के एक जवान भी शहीद हो गये। नवादा जिले के रहने वाले राइफलमैन चंदन कुमार के साथ 4 जवानों की शहादत हुई है। चंदन नवादा के वारिसलीगंज प्रखंड स्थित नारोमुरार गांव के रहने वाले थे। नवादा के लाल चंदन कुमार ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। चंदन कुमार, 89 आर्म्ड रेजिमेंट के जवान थे।

दूसरे नंबर पर थे चंदन
नारोमुरार गांव के मौलेश्वर सिंह और जयंती देवी की तीन संतानो में चंदन कुमार दूसरे नंबर पर थे। इनके पिता किसान हैं और गांव में खेतीबारी करते हैं। चंदन कुमार की प्राथमिक शिक्षा गांव में ही हुई थी। पांच वर्ष पूर्व सेना में भर्ती हुए थे। जबकि एक करीब डेढ़ वर्ष पहले इनकी शादी धूमधाम से हुई थी। चंदन की शादी 18 महीने पहले बिहार कि लखीसराय में हुई थी. चंदन के मन में आर्मी ज्वाइन करने का जज्बा शुरू से ही था।

भाई को विश्वास नहीं हो रहा था
चंदन के छोटे भाई अभिनंदन ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे आर्मी कैंप से फोन आया था। उन्होंने पूछा कि आप चंदन के क्या लगते है. मैंने कहा कि उनका छोटा भाई हूं। इसके बाद उन्होंने पहले मुझे समझाया और धीरज बंधाया। इसके कुछ देर बार बोले कि चंदन अब शहीद हो गए हैं, वो नहीं रहे, लेकिन हमें बिलीव नहीं हुआ। हम चार पांच बार इधर से काल किए, लेकिन उधर से यही कही बात कही गई कि वह शहीद हो गए हैं।

गुरुवार को आतंकी हमले में पांच जवान शहीद हो गए थे
बता दें कि पुंछ जिले में गुरुवार को घने जंगल के बीच से गुजर रहे सेना के वाहनों पर आतंकियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में पांच जवान बलिदान और दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को उपचार के लिए सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक बलिदानी जवान की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
