logo

पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी, बिहार के 73 लाख किसानों के खाते में आए 2-2 हजार रुपये

पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी, बिहार के 73 लाख किसानों के खाते में आए 2-2 हजार रुपये

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) के किसानों (Kisan) के लिए शुक्रवार का दिन आर्थिक सहायता लेकर आया। प्रधानमंत्री किसान (PM Kisan Yojana) सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत राज्य के करीब 73 लाख किसानों के बैंक खातों में दो-दो हजार रुपये भेजे गए हैं। केंद्र सरकार की ओर से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 1,476 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। रबी फसलों की खेती की तैयारी कर रहे किसानों को इस राशि से बीज, खाद और अन्य जरूरी कृषि सामग्री खरीदने में मदद मिलेगी।

गुजरात से पीएम मोदी ने जारी की 24वीं किस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। ऑनलाइन डीबीटी के जरिए देशभर के पात्र किसानों के खातों में राशि भेजी गई, जिसका लाभ बिहार के करीब 73 लाख किसानों को भी मिला। गौरतलब है कि फरवरी 2019 में शुरू हुई इस योजना के तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में आधार से जुड़े सक्रिय बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है।

खेती की तैयारी में मिलेगी आर्थिक मदद

पीएम-किसान योजना की राशि से किसान बीज, उर्वरक और खेती से जुड़ी दूसरी जरूरी चीजों की खरीद कर सकते हैं। खासकर रबी फसलों की बुआई और खेतों की तैयारी के समय जारी हुई इस किस्त से किसानों को आर्थिक सहारा मिलेगा। वहीं, बिहार के किसानों को योजना की पिछली 23 किस्तों के जरिए अब तक 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। 24वीं किस्त के 1,476 करोड़ रुपये से अधिक के हस्तांतरण के बाद राज्य के किसानों को मिलने वाली कुल सहायता राशि में और इजाफा हुआ है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Bihar PM Kisan 24th Installment PM Kisan 24th Kist PM Kisan Yojana Bihar