द फॉलोअप डेस्क
बिहार के 114वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तीन दिवसीय 22, 23 और 24 मार्च को मुख्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस दिवस पर बिहार सरकार द्वारा “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” नाम से एक थीम दिया गया है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है। इस दौरान समारोह में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। बिहार के 114वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शाम साढ़े 5 बजे मुख्य मंच से बिहार दिवस समारोह का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौके पर मौजूद रहेंगे। वहीं इस कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री सुनील कुमार करेंगे। आयोजन स्थल पर शिक्षा, कला-संस्कृति और नवाचार के भव्य उत्सव का नजारा बिहारवासियों को देखने को मिलेगा।
.jpeg)
गांधी मैदान में इस आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर अपनी पूरी टीम के साथ निरीक्षण करते और आवश्यक दिशा-निर्देश देते दिखे। शिक्षा विभाग के तमाम पदाधिकारियों की तैनाती गांधी मैदान में आयोजन स्थल पर की गई है। 24 मार्च तक होने वाले समारोह में विभिन्न विभागों के पंडाल और स्टाल लगाये गए हैं, जहां जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। याद हो कि 22 मार्च, 1912 को बिहार को बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग कर एक स्वतंत्र प्रांत के रूप में गठन किया गया था। इस दौरान मुख्य आयोजन स्थल गांधी मैदान के अलावा श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल और रविन्द्र भवन में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रविवार को गायिका सोना मोहपात्र, सोमवार को गायक शान और मंगलवार को गायक पापोन गांधी मैदान में अपना प्रस्तुति देंगे। श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में शास्त्रीय गायक पंडित जगत नारायण पाठक, दरभंगा घराना के मलिक ब्रदर्स और डुमरांव घराना के पंडित रामजी मिश्रा अपनी विशिष्ट प्रस्तुतियों से शास्त्रीय संगीत की गरिमा को जीवंत करेंगे। मंगलवार को ग़ज़ल और मुशायरा सत्र का आयोजन भी किया जाएगा, जिसका संयोजन अलोक राज करेंगे।