द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल बिहार सरकार द्वारा की जा रही है। पहले जीविका दीदियों को 10-10 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई थी, और अब उन्हें दूसरी किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपए देने की तैयारी है। संभावना है कि अप्रैल के अंत तक यह राशि उनके खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। जीविका दीदियों द्वारा विकसित ऐप के माध्यम से चयन प्रक्रिया शुरू की गई है। जिन महिलाओं ने अपना रोजगार शुरू कर लिया है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। पहली किस्त मिलने के बाद कितनी महिलाओं ने रोजगार शुरू किया, इसकी मैपिंग की जाएगी। इसके आधार पर पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें दूसरी किस्त दी जाएगी।
महिलाएं इसमें अपने 5 हजार रुपए जोड़कर अपने रोजगार को और बढ़ा सकती हैं। अब तक इस योजना के तहत लगभग 1.81 करोड़ महिलाओं को 10-10 हजार रुपए दिए जा चुके हैं। योजना के अंतर्गत कुल 5 चरणों में 2 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। दूसरे चरण में 20 हजार, तीसरे में 40 हजार, चौथे में 80 हजार और पांचवें में 60 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही हर फेज में जीविका दीदियों को दी गई राशि कहां-कहां खर्च की गई, इसके बारे में जानकारी देनी पड़ेगी. सत्यापन होने के बाद ही अगले फेज की राशि उन्हें दी जाएगी। 