logo

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा एक्शन, पहली गोली चलाने वाला STF जवान गिरफ्तार

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा एक्शन, पहली गोली चलाने वाला STF जवान गिरफ्तार

Bharat Tiwari Encounter: 
भोजपुर के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई है। गुरुवार देर रात एसटीएफ के उस जवान को गिरफ्तार कर लिया गया, जिस पर भरत तिवारी को सबसे पहले गोली मारने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर एसटीएफ जवान अक्षय कुमार को हिरासत में लिया गया है।

भरत की मां आशा भी लगाई थी हत्या का आरोप
जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, भरत तिवारी की मां आशा देवी ने भी अक्षय कुमार पर हत्या का आरोप लगाया था। आरोप है कि भरत तिवारी के आत्मसमर्पण करने के बाद सबसे पहले गोली इसी जवान ने चलाई थी। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के बाद से अक्षय कुमार फरार बताया जा रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई है। अब उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जाएगा।

24 जुलाई को भरत के परिजनों से मिले थे सीएम
गौरतलब है कि 24 जुलाई को भरत तिवारी के परिजनों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर न्याय की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने परिवार को निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया था। भरत तिवारी की कथित एनकाउंटर में मौत के बाद इस मामले ने व्यापक चर्चा बटोरी थी और विभिन्न संगठनों ने न्यायिक जांच की मांग करते हुए प्रदर्शन भी किए थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Tags - Bharat Tiwari EncounterSTF Jawan Akshay Kumar