logo

शर्मनाक : चरखा पार्क में शरारती तत्वों ने गांधीजी की प्रतिमा को पहुंचाई क्षति, लोगों में आक्रोश

gandhi.jpg

चंपारणः
चंपारण के चरखा पार्क में गांधी जी की आदमकद प्रतिमा को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया है। पार्क में लगी गांधी जी की मूर्ति और चरखे को क्षतिग्रस्त किया गया है।  पुलिस मामले की जांच में जुटी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि सोमवार के गांधी प्रतिमा के साथ हुई छेड़छाड़ की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को निर्देश देते हुए कहा कि महात्मा गांधी की प्रतिमा को पुनः स्थापित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि गांधीजी द्वारा शांति का संदेश एवं अहिंसा का संदेश दिया गया है। उनके संदेशों को हमें अनुसरण करना चाहिए।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
मोतिहारी के डीएम शीर्षत कपिल अशोक, एसपी डॉ. कुमार आशीष और एसडीएम ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के आदेश दिया है।  स्थानीय लोगों का कहना है कि असामाजिक तत्वों की यह हरकत बर्दाश्त से बाहर है। साथ ही लोगों ने असामाजिक तत्वों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। 

सांसद ने लगवाई थी प्रतिमा
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। कुछ आरोपियों को चिह्नित किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिसने भी इस हरकत को अंजाम दिया है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने महात्मा गांधी की प्रतिमा लगवाई थी, जिसे तोड़ा गया है।