logo

'जबर्दस्ती के बड़े नेता हैं नीतीश' : इंडिया गठबंधन का संयोजक बनाए जाने की चर्चा के बीच प्रशांत किशोर का तंज

a917.jpeg

द फॉलोअप नेशनल डेस्क:

नीतीश कुमार को I.N.D.I.A गठबंधन का संयोजक बनाए जाने की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। इस पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर तंज कसते हुए कहा कि लोग जबरदस्ती का नीतीश कुमार को इतना बड़ा नेता बताते हैं। लग रहा है कि इन्हीं से ही देश की राजनीति चल रही है। प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार की राजनीति का ये अंतिम दौर चल रहा है। नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं और इसी नजरिए से उनकी चर्चा होती है। नीतीश कुमार को पक्ष या विपक्ष में कोई नहीं पूछ रहा है कि आप कौन हैं? जब नीतीश कुमार NDA में थे तो क्या बीजेपी ने इन्हें बुलाकर एक बार भी पूछा कि क्या करना है या नहीं करना है? उसी तरह से अब INDIA गठबंधन में आए हैं, तो यहां भी कोई नहीं पूछ रहा है। पटना में जो INDIA गुट की बैठक हुई, तो लोगों ने खूब हल्ला मचाया कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के दावेदार हो गए और चेहरा हो गए। जब वो नहीं हुआ तो चर्चा हुई कि इसके संयोजक हो गए और इसका नामकरण नीतीश बाबू करेंगे। नीतीश कुमार को तो कोई पूछ भी नहीं रहा है।

नीतीश कुमार की बातों का महत्व नहीं
दरभंगा में जन संवाद के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि "INDIA गुट में सबसे बड़ा दल कांग्रेस है। उसके बाद दूसरा बड़ा दल टीएमसी और तीसरे नंबर पर डीएमके है। नीतीश कुमार उसमें क्या ऐसा कर देंगे कि सबलोग उनको मान लेंगे। तेजस्वी यादव खड़े होकर कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री देश का कौन होगा? कोई पूछने वाला नहीं है कि तुम्हारे कितने सांसद हैं? 543 सांसदों वाली लोकसभा में आरजेडी के जीरो सांसद हैं और कह रहा है कि प्रधानमंत्री कौन होगा, ये हम तय करेंगे। ये तो ऐसे हो गया कि हम यहां से बैठकर कहें कि अमेरिका का राष्ट्रपति कौन होगा? अरे भाई! अपने ही मुंह से कहना है तो देश का पीएम ​ही क्यों, अमेरिका का राष्ट्रपति भी आप ही तय कर दीजिए। आरजेडी के लोग बड़बोले हैं और कहते हैं कि देश का प्रधानमंत्री कौन होगा? अरे भाई! तुमसे पूछ कौन रहा है? तुम पहले अपने 5 सांसद तो जिता लो फिर तय होगा कि कौन होगा या नहीं होगा? लोकसभा चुनाव के बाद जदयू का संपूर्ण विघटन शुरू हो जाएगा। उनकी राजनीति का ये अंतिम दौर है, कहानी खत्म"।

नीतीश कुमार को संयोजक बनाने की चर्चा
गौरतलब है कि नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन का संयोजक बनाने की चर्चा है। बताया जाता है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने नीतीश कुमार का नाम प्रस्तावित किया था जिसे सहमति मिल गई है। बताया जा रहा है कि इसकी घोषणा जल्द हो सकती है। बता दें कि इंडिया गठबंधन में फिलहाल पश्चिम बंगाल में दरार दिख रही है जहां कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी और टीएमसी नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है। टीएमसी बंगाल में सभी सीटों पर लड़ना चाहती है।