द फॉलोअप डेस्क
वैशाली जिले के पातेपुर थाना में तैनात दरोगा अखिलेश कुमार सिंह को निगरानी विभाग ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई की जानकारी विशेष टीम ने दी, जिसे शिकायत के बाद गठित किया गया था। इस मामले की शिकायत परिवादी चंदन कुमार ने लिखित आवेदन में की थी। उन्होंने बताया कि पातेपुर थाना कांड संख्या 84/26 और 85/26 की केस डायरी सही तरीके से नहीं लिखने और मामलों को जल्दी निपटाने के बदले दारोगा अखिलेश सिंह ने उनसे घूस मांगी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर 10 सदस्यों वाली विशेष टीम बनाई गई, जिसका नेतृत्व डीएसपी सत्येंद्र राम कर रहे थे। टीम में सुनील कुमार सिंह, रवि कुमार और रितेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। सोमवार को जैसे ही दारोगा ने परिवादी से रिश्वत की राशि ली, टीम ने पहले से घात लगाकर मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की सतत कार्रवाई और तत्परता उजागर हुई।