नवादा:
दहेज के लिए लड़की के साथ जुल्म की कहानियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। उनकी जान तक ले लेने में ससुराल वाले हिचकते नहीं। यह दर्दनाक खबर बिहार के नवादा जिले से मिली है, जिसमें दहेज की खातिर लड़की को जिंदा जला दिया गया। उसके बाद घर छोड़कर सभी परिवारवाले महिला के बच्चे को लेकर फरार हो गए। महिला की पहचान कृष्णा कुमार की पत्नी कोमल कुमारी के रूप में की गयी है। शव का पोस्टमॉर्टम पावापुरी विम्स में किया जा रहा है।

शाहपुर थाना में आरोपी ससुरालवालों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है। घटना के संबंध में लखीसराय जिला के कजरा थाना क्षेत्र के अरमा बंसीपुर निवासी मृतका के भाई राहुल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को उसके मोबाइल पर उसके बहनोई ने फोन कर बताया कि खाना बनाने के दौरान कुकर फटने से उसकी बहन जल गई है, जिसको लेकर वो लोग विम्स अस्पताल जा रहे हैं। राहुल जब अपने सहयोगियों के साथ अस्पताल पहुंचा तो ससुराल पक्ष के लोग उसकी बहन के एक साल के बेटे को लेकर फरार हो चुके थे।

परिवार वालों का कहना है कि पिछले वर्ष ही कोमल की शादी हुई थी। उसी समय से ससुरालवाले स्कॉर्पियो मांग रहे थे। सबसे अधिक दबाव लड़के के जीजा की ओर से रहा है। ससुरालवालों ने कोमल के साथ मारपीट भी की थी।