logo

ऑक्सीजन की कमी से हुई 4 कोरोना मरीजों की मौत, प्रशासन ने कूड़ा गाड़ी में डालकर श्मशान तक पहुंचाया

ऑक्सीजन की कमी से हुई 4 कोरोना मरीजों की मौत, प्रशासन ने कूड़ा गाड़ी में डालकर श्मशान तक पहुंचाया
द फॉलोअप टीम, रायपुर: 

कोरोना काल में लापरवाही और बदइंतजामी की वजह से पहले ही आलोचना का सामना कर रही सरकारें संवेदनहीनता की सारी पराकाष्ठा पार करती जा रही है। कोरोना काल में जब लोगों को प्रशासन से उम्मीदें हैं तब प्रशासन की तरफ से भी घोर लापरवाही बरती जा रही है। ताजा मामला छत्तीसगढ़ का है जहां कोरोना की वजह से मरने वाले 4 लोगों को अंत्येष्टि के लिये कूड़ा गाड़ी में ले जाया गया। तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल है। 

ऑक्सीन की कमी से हो गयी मौत
जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला स्थित डोंगरगांव ब्लॉक में 4 कोरोना मरीजों की मौत हो गयी। आरोप है कि इन चारों मरीजों की मौत ऑक्सीजन की कमी की  वजह से हो गयी। इनमें से तीन मरीजों की मौत कोविड सेंटर में हो गयी जबकि एक मरीज ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दम तोड़ दिया। जिंदा रहते ऑक्सीजन के लिये तरशने वाले इन चारों मरीजों को मौत के बाद भी राहत मयस्सर नहीं हुई। इनके शवों को कूड़ा गाड़ी में डालकर अंत्येष्टि के लिये ले जाया गया। 

छत्तीसगढ़ में कोरोना ने फैलाया पांव
बता दें कि छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में कोरोना के 14 हजार 250 नये मामले सामने आये हैं। राज्य में अब तक 4 लाख 86 हजार 244 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। राज्य में वायरस की रोकथाम के लिये बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गयी है। रायपुर में एक स्टेडियम को कोविड सेंटर में तब्दील कर तारीफें बटोर रही सरकार ताजा घटना से आलोचना का सामना कर रही है।