द फॉलोअप टीम, रांची :
लालू यादव की जमानत याचिका पर अब 5 फरवरी को सुनवाई होगी। तबतक के लिए लालू के समर्थकों को लालू के बाहर आने का इंतजार करना होगा। लालू प्रसाद की तरफ से केस में सप्लीमेंट्री एफिडेविट दायर की गई थी। सीबीआई की तरफ से भी इसकी कॉपी कोर्ट में जमा की जानी है। न्यायालय ने सीबीआई को इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया है। एक सप्ताह बाद सीबीआई इस मामले में सप्लीमेंट्री एफिडेविट की कॉपी जमा करेगी, जिसके बाद अदालत अपना फैसला सुनाएगी।
बता दें कि लालू प्रसाद यादव पर चारा घोटाला के 5 मामले चल रहे हैं, जिनमें से 4 मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है। 5वां और अंतिम मामला दुमका कोषागार से अवैध निकासी कै है, जिसके लिए लालू की ओर सी जमानत याचिका दायर की गई है।
पहले भी कई बार टली है सुनवाई
लालू प्रसाद की जमानत याचिका पर सुनवाई पहले भी कई बार विभिन्न कारणों से टल चुकी है। दिवाली के पहले पहली बार सुनवाई टली थी, जिसके बाद कोर्ट ने यह विवरण मांगा था कि लालू कितने दिनों तक जेल में रहे हैं। मुकर्रर सजा का आधा समय जेल में बिताने के बाद लालू को हाफ सेंटेंस के आधार पर जमानत मिल सकती है। इसी को लेकर कोर्ट में सुनवाई जारी है।
सीबीआई ने कहा, लालू ने नहीं पूरी की है आधी सजा
सीबीआई ने कोर्ट नें अपना जवाब दिया है, जिसके अनुसार लालू प्रसाद यादव ने अपनी सजा की आधी अवधि जेल में पूरी नहीं की है। सीबीआई ने यह जवाब कोर्ट के द्वारा पूछे जाने पर दिया है। कोर्ट ने जेल प्रशासन से इसका पूरा विवरण मांगा था। सीबीआई ने आरपीसी की धारा 427 के तहत भी सवाल उठाया है। आगे की सुनवाई में इन सभी बातों पर संभवत: चर्चा हो। पांच फरवरी को कोर्ट फिर से इस मामले में सुनवाई करेगी।