logo

अरगोड़ा में जेवरात कारोबारी के साथ लूट, बाइक सवार अपराधियों ने उड़ाया 20 लाख का सोना

6883news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

रांची के अरगोड़ा थाना इलाके में जेवर कारोबारी के साथ सरेराह लूट की वारदात हुई। बाइक सवार तीन अपराधियों ने जेवर कारोबारी जितेंद्र कुमार वर्मा के पास से सोना लूट लिया। लूटे गये सोने की कीमत तकरीबन 20 लाख रुपये बताई जा रही है। जितेंद्र कुमार वर्मा कोलकाता से सोना लेकर रांची लौट रहे थे तभी हरमू बायपास रोड के पास बिजली ऑफिस के सामने अपराधियों ने हथियार के बल पर सोना लूट लिया। मामले की जांच जारी है। 

नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चला रही पुलिस
अपराधियों की धड़पकड़ के लिये तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इलाके की नाकेबंदी कर दी गयी है। संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। मामले में फिलहाल पुलिस ने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया है। बाइक सवार अपराधियों की तलाश के लिये छापेमारी की जा रही है। 

लूट में जितेंद्र वर्मा के किसी परिचित का हाथ!
मामले में पुलिस को आशंका है कि लूट की वारदात में जेवरात कारोबारी के किसी परिचित का हाथ हो सकता है। पुलिस का कहना है कि कारोबारी जितेंद्र वर्मा की रेकी की गयी थी। अपराधियों को पता था कि जितेंद्र वर्मा भारी मात्रा में सोना लेकर कोलकाता से रांची आ रहे हैं। अपराधियों को शायद ये भी पता था कि वे किस रूट से होकर गुजरेंगे। जानकारी के मुताबिक अपराधियों की संख्या तीन थी। इनमें से एक बाइक चला रहा था। एक ने हथियार के बल पर जितेंद्र वर्मा को धमकाया और एक ने बैग छीन लिया।