logo

कोरोना से डरिए साहेब ! पटना में लग गया लॉकडाउन, अगली बारी अब आपके शहर की ?

कोरोना से डरिए साहेब !  पटना में लग गया लॉकडाउन, अगली बारी अब आपके शहर की ?
द फॉलोअप टीम
पटना-कोरोना के बढ़ते मामलों ने बिहार को डरा दिया है। आलम ये हो गया है कि अनलॉक-02 में जहां रियायतें दी जा रही है, वहीं बिहार लॉकडाउन की ओर बढ़ता जा रहा है। फिलहाल पटना में 7 दिनों के लिए लॉकडाउन लगाया गया है। ये आदेश शुक्रवार यानी 10 जुलाई से लागू होगा जो 16 जुलाई तक रहेगा। डीएम कुमार रवि ने आनन-फानन में बुलाई गई बैठक के बाद ये निर्णय लिया है। मुख्य सचिव दीपक कुमार ने भी इसकी पुष्टि की है। 
लॉकडाउन में ये रहेगी रियायत
लॉकडाउन के दौरान जरूरत के सामान वाली दुकानें एक दिन में दो चरणों में खोलने की इजाजत दी गई है। संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान फल सब्ज़ी, मांस-मछली की दुकानें सुबह 6 से सुबह के 10 बचे तक खुलेंगी और फिर बंद हो जाएंगी। इसके बाद दुकानें शाम 4 से 7 तक ही खुलेंगी। संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान हॉस्पिटल, बैंक, बीमा ऑफिस और एटीएम को इससे बाहर रखा गया है। ये सेवाएं पहले की तरह की बहाल रहेंगी। 
भागलपुर में 5 दिनों के लिए लॉकडाउन
इससे पहले कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते भागलपुर में भी लॉकडाउन किया गया है। फिलहाल ये लॉकडाउन 5 दिनों के लिए होगा। 9 जुलाई सुबह 6 बजे से ये अमल में लाया जाएगा। सरकारी सूत्रों की माने तो हालात यही रहे तो आनेवाले दिनों में बाकी जिलों में भी ऐसा हो सकता है। 
सचिवालय में प्रवेश पर रोक
इधर हालात को देखते हुए राजधानी पटना स्थित सचिवालय के सभी कार्यालयों में आम आदमी के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में ये निर्णय लिया गया। जबकि पटना सदर का अंचल कार्यालय पहले से ही बंद कर दिया गया है। 
बुधवार को मिले एक साथ 179 नए मरीज
दरअसल ये हालात इसलिए उत्पन्न हुए हैं, क्योंकि बिहार में बुधवार को एकसाथ 749 नए मरीज मिले हैं। सिर्फ पटना से 235 नए केस सामने आए हैं। इसके बाद बिहार में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13725 हो गई है। अबतक 98 मरीजों की मौत हो चुकी है।  इन नए मामलों में 200 से अधिक मरीज राजधानी पटना के बताए जा रहे हैं।