द फॉलोअप डेस्क
कलश यात्रा के दौरान सोमवार को बिहार के शेखपुरा में बड़ा हादसा हो गया। हथियावा ओपी क्षेत्र के रसलपुर गांव में नौ दिवसीय महायज्ञ के लिए कलश यात्रा निकाली गई थी। श्रद्धालु जय श्रीराम के नारों के साथ रथ को खींच रहे थे। इस दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से चंद सेकंड में ही कई लोगों जमीन पर गिर गए। बताया जा रहा है कि 8 लोगों को करंट लगा। जिसमें से 25 साल के राजो कुमार पिता महेश सिंह और 30 साल के पीरेंद्र कुमार पिता अशोक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खेत की मिट्टी में फंसे रथ को निकालने के दौरान घटी घटना
हादसे को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि गांव में यज्ञ का आयोजन था। 501 कन्याओं के द्वारा कलश यात्रा निकाली गई थी। कलश यात्रा को पूरे गांव में घूमना था। इसी दौरान खेत से रथ और कलश यात्रा को निकालने की व्यवस्था की गई थी। खेत में चलने के दौरान रथ में लगा घोड़ा आगे नहीं बढ़ रहा था। यह देखकर लोगों ने घोड़े को निकालकर खुद रथ खींचना शुरू किया। इस दौरान लटके हुए 11 हजार वोल्ट के तार की ओर किसी का ध्यान नहीं गया। अचानक से रथ का ऊपरी हिस्सा तार से टच किया और सेकंड भर में कई लोग जमीन पर गिर पड़े। इसके साथ ही अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT