द फॉलोअप टीम, हजारीबाग:
जिले के चौपारण पंचायत (Chauparan Panchayat) अंतर्गत कोयलीकला निवासी रक्षा वैज्ञानिक (Defense scientist) मुकेश कुमार गुप्ता के साथ मारपीट की गई, जिसमें वो बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस रक्षा वैज्ञानिक के घर पहुंची और मामले की जानकारी ली। रक्षा वैज्ञानिक ने स्थानीय थाना पहुंचकर दूध व्यवसायी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है।
डीएसपी ने मामले में त्वरित कार्रवाई की
इसके बाद डीएसपी नाजिर अख्तर (nazeer akhtar) ने मामले को गम्भीरता से संज्ञान में लेते हुए त्वरित जांच कर कार्रवाई का निर्देश थाना प्रभारी बिनोद तिर्की को दिया है। इधर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रक्षा वैज्ञानिक की पिटाई दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।
श्राद्धकर्म में शामिल होने आये थे वैज्ञानिक
रक्षा वैज्ञानिक के पिता श्यामलाल साव का 23 मई को निधन हो गया था। उन्हीं के श्राद्ध कार्यक्रम के लिए वो अपने पैतृक गांव में आए है। उनके पिता का 2 जून को दशकर्म था, जिसमें ब्रह्मभोज कार्यक्रम के लिए उन्होंने फुलांग गांव में एक दूध व्यवसायी से पनीर की बात की थी। दूध व्यवसायी 1 जून को ही पनीर देने लगा।
दुग्ध व्यवसायी ने रक्षा वैज्ञानिक की पिटाई की!
रक्षा वैज्ञानिक ने कहा कि पनीर के लिए 4 जून को बोला गया है। घर मे फ्रिज नहीं है और चार दिन पहले पनीर लेकर रखने से खराब हो सकता है लेकिन दूध व्यवसायी जबरन पनीर देने लगा, जिसका उन्होंने विरोध किया। मामला इतना बढ़ गया कि दूध व्यवसायी ने कुछ लोगों को बुलाकर रक्षा वैज्ञानिक के साथ घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें वैज्ञानिक घायल हो गए।