बोकारो:
Bokaro News: मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, नावाडीह की छात्रा पूनम कुमारी ने क्रिकेट के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन 70वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआइ) क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के लिए झारखंड की 16 सदस्यीय राज्य स्तरीय टीम में हुआ है। कक्षा 11वीं कला संकाय की छात्रा पूनम अब राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 20 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर के जम्मू में किया जाएगा।

माता-पिता और कोच को दिया सफलता का श्रेय
पूनम कुमारी के राज्य स्तरीय टीम में चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। अपनी इस उपलब्धि पर पूनम ने खुशी जताते हुए इसका श्रेय अपने माता-पिता और कोच चंद्र भूषण श्रीवास्तव को दिया। उन्होंने कहा कि खेल के सफर में आए उतार-चढ़ाव के दौरान माता-पिता और कोच ने लगातार उनका सहयोग किया तथा बेहतर मार्गदर्शन दिया। उनके समर्थन और प्रोत्साहन से ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं।

प्राचार्य ने कोच की मेहनत और लगन को सराहा
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राजीव रंजन तिवारी ने पूनम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सह क्रिकेट कोच चंद्र भूषण श्रीवास्तव की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से विद्यार्थियों में खेल के प्रति जागरूकता, उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है। विद्यालय में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और प्रतिभाओं को निखारने में कोच की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
लगातार दूसरे वर्ष छात्रा का राज्य स्तरीय टीम में चयन
प्रभारी प्राचार्य राजीव रंजन तिवारी ने बताया कि विद्यालय की किसी छात्रा का लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तरीय क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। इससे पहले वर्ष 2025 में कक्षा 10वीं की छात्रा सुमन कुमारी का भी राज्य स्तरीय टीम में चयन हुआ था। लगातार दूसरे वर्ष मिली इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
प्राचार्य ने उम्मीद जताई कि पूनम कुमारी जम्मू में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और झारखंड का नाम रोशन करेंगी। पूनम के चयन पर विद्यालय परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की कामना की है।