द फॉलोअप टीम, धनबाद:
धनबाद एडीजे उत्तम आनंद हत्याकांड की जांच सीबीआई ने तेज कर दी है। रविवार को सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच की टीम ने रणधीर वर्मा चौक में घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएट किया। टीम ने घटन की बारीकियों को समझा। गौरतलब है कि सीबीआई की टीम ने शनिवार को भी सीन रिक्रिएट किया था औऱ घटना को समझने की कोशिश की थी।
क्राइम सीन को रिक्रिएट किया
गौरतलब है कि सीबीआई ने रणधीर वर्मा चौक के पास ऑटो मंगवाया औऱ एडीजे उत्तम आनंद की कदकाठी वाले युवक से जॉगिंग करवा कर घटना को समझा। इस दौरान रणधीर वर्मा चौक पर आम लोगों की एंट्री बंद रखी गई थी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 28 जुलाई की सुबह पांच बजे जॉगिंग के लिए जा रहे एडीजे उत्तम आनंद को रणधीर वर्मा चौक के पास ऑटो ने धक्का मार दिया था। अस्पताल ले जाने के दरम्यान उनकी मौत हो गई थी।

दोनों अभियुक्तों से पूछताछ जारी
मिली जानकारी के मुताबिक केस के इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर स्पेशल क्राइम सेल के एएसपी विजय कुमार शुक्ला ने शनिवार को एडीजे उत्तम आनंद को ऑटो से धक्का मारने वाले आरोपियों लखन वर्मा औऱ राहुल वर्मा से पूछताछ की। सीबीआई को दोनों अभियुक्तों की पांच दिनों की रिमांड मिली है। शुक्रवार को ही सीबीआई ने सीजेएम अर्जुन साव की अदालत में आवेदन दिया था।
सीबीआई ने तेज की अपनी जांच
गौरतलब है कि झारखंड सरकार की अनुशंसा औऱ हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की थी। प्राथमिकी के आधार पर 28 जुलाई को एडीजे की पत्नी कृति सिन्हा के फर्दबयान पर धनबाद सदर एफआईआर दर्ज किया गया। पुलिस ने हत्या की धार में ही अज्ञात ऑटो चालक को आरोपी बनाया। अब सीबीआई भी अपनी प्राथमिकी में लखन वर्मा और राहुल वर्मा को अभियुक्त मानकर चल रही है।