द फॉलोअप डेस्क
पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र में झारखंड की दो सगी डांसर बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित बहनें झारखंड के लातेहार जिले की रहने वाली हैं और फिलहाल पटना के मीठापुर इलाके में किराये के मकान में रह रही थीं। आरोप है कि 18 जून को उन्हें एक तिलक समारोह में डांस कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर ले जाने के बजाय आरोपियों ने उन्हें सुनसान जगह पर ले जाकर बंधक बना लिया और पूरी रात उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

तिलक समारोह के बहाने गांव बुलाया गया
पीड़िताओं के अनुसार, भेलुरा रामपुर निवासी मुन्ना कुमार ने दोनों बहनों को डांस कार्यक्रम के लिए 8 हजार रुपये में बुक किया था। वह उन्हें स्कूटी से मीठापुर से अपने गांव लेकर गया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद मुन्ना कुमार ने अपने चचेरे भाई सूरज कुमार, भानु कुमार और अन्य युवकों के साथ मिलकर दोनों बहनों को जबरन अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

शोर मचाने पर बचीं पीड़िताएं
पीड़िताओं ने बताया कि 19 जून की सुबह आरोपी उन्हें वाहन से वापस छोड़ने ले जा रहे थे। इसी दौरान फुलवारीशरीफ इलाके में पहुंचते ही दोनों बहनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर थाने पहुंची। बाद में नौबतपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद पीड़िताओं को नौबतपुर थाना ले जाया गया।

13 लोगों पर केस दर्ज, एक हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़िताओं के बयान के आधार पर मुन्ना कुमार, सूरज कुमार और भानु कुमार समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की जा रही है। दोनों पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।