द फऑलोअप टीम, रांची:
भारत रत्न और 3 बार प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के दिन भाजपा पूरे देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी ने तय किया है कि अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाऐगा। इस दिवस को सफल बनाने के लिए भाजपा की केंद्रीय टीम ने राष्ट्रीय मंत्री सह रांची की मेयर डॉ. आशा लकड़ा को राजस्थान, गुजरात, दादरा नगर हवेली एंड दमन दीव, महाराष्ट्र, मुंबई और गोआ के राज्य प्रभारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया है।

कई कार्यक्रम करेगी पार्टी
भाजपा की केंद्रीय टीम ने सुशासन दिवस के लिए राज्य की टीम प्रभारियों के परामर्श से कार्ययोजना बनाने, बातचीत के लिए बिंदु तैयार करने, विभिन्न आयोजनों में पदाधिकारियों, मंत्रियों समेत अन्य नेताओं के साथ समन्वय बनाने, प्रेस कांफ्रेंस करने, अटल मॉडल/मोदी मॉडल/गुजरात मॉडल को सुशासन के लिए उदाहरण के रूप में प्रदर्शित करने, अन्य दलों के कुशासन के खिलाफ भाजपा के सुशासन के बारे में वाद-विवाद आयोजित करने, अटल जी की प्रतिमाओं का पुष्पार्चन करने, जिला स्तर पर वेबिनार और सेमिनार, प्रश्नोत्तरी, निबंध, नारा लेखन, पोस्टर बनाने, पुस्तकालय को पुस्तकें दान करने का निर्देश दिया गया है।