द फॉलोअप टीम,गढ़वा:
सोनपुरवा अंतरराज्यीय बस डिपो में रविवार को संदिग्ध 5 लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग के पास जाने से लोगों को रोक दिया। मौके पर मौजूद जवान बम निरोधक दस्ते का आने का इंतजार कर रहे हैं। कुछ लोग कह रहे है कि बैग में विस्फोटक सामग्री होगा तो कुछ लोग गांजे की खेप होने की बात कर रहे हैं।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि जब वो सुबह दुकान खोलने गए तो पांचों लावारिस बैग दिखे। बहुत देर बीतने के बाद भी जब बैग को लेने कोई नहीं पहुंचा तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है।
क्या कहते है एसडीपीओ
मामले पर एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने कहा कि शहर के सोनपुरवा अंतरराज्यीय बस डिपो में पांच लावारिस बैग मिला है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने बस स्टैंड के शेड को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। पुलिस बम निरोधक दस्ते को बुलाने की तैयारी कर रही है। वहीं, पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं।