द फॉलोअप टीम, पटना
लोकतांत्रिक जनता दल के अध्यक्ष शरद यादव की सोमवार देर शाम उनकी तबीयत काफी खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार सुबह तक 75 वर्षीय शरद यादव की हालत नाजुक बनी हुई है। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव की तबीयत बिगड़ने से उनके समर्थक काफी निराश हैं। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
'नीतीश से शरद के हाथ मिलाने की अफवाह'
लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) ने रविवार को कहा था कि इसके संस्थापक शरद यादव बिहार में विपक्षी गठबंधन को सत्ता में लाने के लिये काम करेंगे। पार्टी ने बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू प्रमुख नीतीश कुमार से उनके हाथ मिलाने के बारे में अटकलों को ‘अफवाह’ बताते हुए खारिज कर दिया और इसे पूरी तरह से झूठा एवं बेबुनियाद बताया। लोजद ने एक बयान में कहा कि पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में धर्मनिरपेक्ष ताकतों के बीच और अधिक एकजुटता लाने के लिये काम करेगी।