logo

पटियाला : 2 गुटों में हिंसक झड़प के बाद क्या हैं ताजा हालात, सीएम भगवंत मान ने क्या कहा...

2 गुटों में हिंसक झड़प के बाद क्या हैं ताजा हालात, सीएम भगवंत मान ने क्या कहा...

पटियाला: 

पंजाब के पटियाला में 2 गुटों के बीच झड़प की खबरें सामने आ रही है। मिली जानकारी के मुताबिक पटियाला काली मंदिर के पास शुक्रवार को समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान पत्थरबाजी की भी सूचना है। कहा जा रहा है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने तलवारें भी भांजी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। 

पुलिस ने इलाके में कर्फ्यू लगा दिया है
एहतियातन पटियाला में 29 अप्रैल की शाम 7 बजे से 30 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। यहां 4 से ज्यादा व्यक्तियों के एक ही स्थान पर इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। आपात स्थिति में पुलिस की अनुमति से ही लोग बाहर जा सकते हैं। मिल रही जानकारी के मुताबिक झड़प उस वक्त हुई जब शिवसेना कार्यकर्ता शहर में जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान काली माता मंदिर के पास उनकी दूसरे समुदाय के साथ झड़प हो गई। कहा जा रहा है कि शिवसेना ने इस जुलूस के लिए अनुमति नहीं ली थी। 

शुक्रवार की सुबह 2 समुदायों में झड़प
गौरतलब है कि शुक्रवार की सुबह पंजाब शिवसेना के कार्यकर्ता, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हरीश सिंह की अगुवाई में रैली निकाल रहे थे। रैली जब काली माता मंदिर के पास से गुजरी तो हंगामा हो गया। दो गुट आपस में भिड़ गये। काफी देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। 

डीएसपी मोहित मल्होत्रा ने क्या कुछ बताया
शहर के डीएसपी मोहित मल्होत्रा ने बताया कि विधि-व्यवस्था के मद्देनजर एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। हम लोग शिवसेना के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हरीश सिंह के वार्ता कर रहे हैं। बिना अनुमति रैली निकालने को लेकर भी उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन नियंत्रण में है। दोषियों को चिह्नित किया जा रहा है। 

भगवंत मान ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी। मैंने डीएसपी से बात की है। इलाके में शांति बहाल की गई है। हम खुद करीब से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। किसी को भी राज्य में सौहार्द बिगाड़ने नहीं दिया जायेगा। ]