द फॉलोअप डेस्क, रांची
Jharkhand Doctor News: 22 अक्तूबर से हड़ताल पर जाने वाले राज्य के चिकित्सकों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित रखने पर सहमत हुए हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई बैठक में डॉक्टरों की कई प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। सरकार ने मांगों की पूर्ति के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया। साथ ही इसे तय समय सीमा में लागू करने का भरोसा दिया, जिसे चिकित्सकों ने मान लिया। सरकार के आश्वासन के बाद 22 अक्तूबर से हड़ताल पर जाने के फैसले को डॉक्टरों ने स्थगित कर दिया है। जानकारी के अनुसार छठ पर्व के बाद विभाग के साथ डॉक्टरों की फिर बैठक होगी। उसमें विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। आज की बैठक में भारतीय चिकित्सा संघ (IMA), झारखंड स्वास्थ्य सेवा संघ (झासा) और अन्य चिकित्सक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में डॉक्टरों के प्रमोशन, अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन, चिकित्सा संस्थानों के प्रमाणन, डॉक्टरों की सुरक्षा और रेजिडेंट चिकित्सकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
.jpeg)
दो माह में बदल दिए जाएंगे रजिस्ट्रेशन के नियम
चिकित्सा संस्थानों के रजिस्ट्रेशन से जुड़े नियमों में बदलाव पर सहमति बनी। विभाग की ओर से आश्वस्त किया गया कि दो महीने के अंदर इससे जुड़े नियम में बदलाव का प्रस्ताव कैबिनेट को भेज दिया जाएगा। प्रस्ताव पर सुझाव के लिए स्वास्थ्य विभाग के स्तर पर एक समन्वय समिति बनेगी। यह समिति डॉक्टरों की मांगों को लागू करने से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी अपना सुझाव देगी। एक अन्य सहमति के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पताल में 30 और शहरी क्षेत्रों में 40 बिस्तरों की की शर्त होगी।

प्रमोशन व अन्य मुद्दों पर भी विचार का आश्वासन
समय पर डॉक्टरों को प्रोन्नति देने की मांग पर भी सरकार सहमत हुई है। यह तय किया गया कि राज्य सरकार बिहार और केंद्र सरकार के अनुरूप चिकित्सकों को प्रोन्नति औरअन्य लाभ देगी। डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए फिर से डीएसपी स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाये जाने का फैसला किया गया। चिकित्सा संस्थानों के रजिस्ट्रेशन और प्रमाणन के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। इंटर्न, जूनियर रेजिडेंट और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान में होने वाली अनियमितताओं को दूर किया जाएगा।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा और संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला के अलावा झासा के सचिव डॉ मृत्युंजय सिंह, झासा के अध्यक्ष डॉ विमलेश कुमार सिंह, IMA के पैट्रन डॉ अजय कुमार सिंह, IMA झारखंड के सचिव डॉ प्रदीप कुमार सिंह, डॉ योगेश गंभीर, HBI के सचिव डॉ शंभू प्रसाद सिंह और HBI के राज्य समन्वयक डॉ अभिषेक रामाधीन सहित डॉ अजीत, डॉ कृष्ण मुरारी, डॉ स्टीफन खेस, डॉ विकास, डॉ राजेश, डॉ उषा सिंह और डॉ रंजू सिंह उपस्थित हुए।
