डेस्क:
आज 23 जून को तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। सुबह सात बजे से शुरू हुई वोटिंग क्षेत्र के हिसाब से अधिकतम 6 बजे तक चलेगी। लोकसभा उपचुनाव उत्तर प्रदेश के रामपुर,आजमगढ़ और पंजाब की संगरूर सीट पर हो रहे हैं। वहीं दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश और त्रिपुरा की सात विधानसभा सीटों पर भी मतदान किए जा रहे हैं। इन सभी सीटों के नतीजे 26 जून को आयेंगे।
अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद आजमगढ़ सीट पर उपचुनाव
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद आजमगढ़ सीट पर उपचुनाव हो रहा है। वहीं रामपुर सीट सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने खाली की थी। ये राज्य विधानसभा के लिए चुने गए थे। इसके अलावा पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर भी वोंटिग शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यहां व्यापक प्रचार किया था और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ सोमवार को रोड शो भी किया था।

7 सीटों पर विधानसभा उपचुनाव
आज 3 लोकसभा के साथ 7 विधानसभा सीटों पर भी मतदान जारी है। त्रिपुरा की अगरतला, टाउन बारदोवाली, सूरमा और जुबराजनगर सीटों के 221 बूथों पर मतदान हो रहा है और ये शाम 5 बजे तक चलेगा। दिल्ली में राजिंदर नगर उपचुनाव की वोटिंग भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई है। वही आंध्र प्रदेश की आत्माकुरु विधानसभा सीट पर भी आज मतदान डाले जा रहे हैं। झारखंड में रांची जिले की मांडर विधानसभा सीट के कुल 433 मतदान केन्द्रो पर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटिंग हो रही है।
