logo

अग्निपथ योजना : अग्निवीर बनने के इच्छुक युवाओं को मिलेगा NCC का लाभ

 अग्निवीर बनने के इच्छुक युवाओं को मिलेगा NCC का लाभ

डेस्क:
राष्ट्रीय कैडेट कोर यानी NCC के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरुबीरपाल सिंह ने कहा है कि NCC कैडेट्स को अग्निवीर बनने में सहूलियत प्रदान की जायेगी। गुरुबीरपाल सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय सेना की अग्निपथ योजना में भर्ती होने वाले NCC कैडेट्स को बोनस अंक दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा कैडेट्स भारतीय सेना के साथ जुड़े,इसके लिए सेना के अधिकारी कैडेट्स के बीच जाकर इस योजना के बारे में समझायेगें। जनरल गुरुबीरपाल सिंह ने ग्वालियर में एनसीसी महिला अधिकारियों की दीक्षांत परेड में हिस्सा लेने आए थे।  दीक्षांत परेड के बाद लेफ्टीनेंट जनरल सिंह ने मीडियाकर्मियों से कहा कि एनसीसी में महिला कैडेट्स 1950 से ही शामिल हैं और इन्होंने शानदार काम किया है। 


मिलेगा A B और C  प्रमाण पत्र का फायदा 
एनसीसी कैडेट्स जो A,B और C प्रमाणपत्र धारक हैं, उन्हें अग्निवीर की भर्ती परीक्षा में बोनस अंक मिलेंगे।  सिंह ने कहा कि इस समय देश के हर जिले में एनसीसी है और ज्यादातर युवा ग्रामीण क्षेत्रों से एनसीसी में आते हैं।  ऐसे युवा अग्निवीर बनकर भारतीय सेना में सेवा तो करेंगे ही, साथ में जब चार वर्ष बाद समाज में वापस जाएंगे, तो बेहतर नागरिक बन सकेंगे और शेष भारतीय सेना में काम करेंगे।

 


दीक्षांत परेड की ली सलामी 
ग्वालियर स्थित एनसीसी महिला अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी में सिंह ने महिला अधिकारियों की दीक्षांत परेड की सलामी ली। इस मौके पर सिंह ने महिलाअधिकारियों से कहा कि उनके ऊपर युवाओं को बेहतर नागरिक बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि वे इस काम को बखूबी अंजाम देंगी। देश के विभिन्न राज्यों से आई 112 महिला अधिकारियों को अकादमी में तीन महीने का प्रशिक्षण देकर अधिकारी बनाया गया है।