चित्तरंजन
चित्तरंजन रेल नगरी में बंद पड़े रेलवे क्वार्टरों को चोर लगातार अपना निशाना बना रहे है. ताजा मामला एरिया नंबर 4 के स्ट्रीट नंबर 23 में सामने आई है, जहां शातिर चोरों ने एक बंद रेलवे क्वार्टर का ताला तोड़कर नकदी समेत सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया. इस घटना के बाद से स्थानीय रेल कर्मियों और निवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है.
5 दिन पहले बाहर गया था परिवार
RPF से मिली जानकारी के अनुसार, रेल कर्मी करीब 5 दिन पहले किसी निजी काम से बाहर गए थे. पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाहर जाते समय उन्होंने अपने आवास की देखरेख की ज़िम्मेदारी किसी अन्य पड़ोसी या परिचित को नहीं सौंपी थी. चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया.

पड़ोसियों ने दी सूचना, अलमारी तोड़ सामान किया तहस-नहस
घटना का खुलासा तब हुआ, जब पड़ोसियों ने देखा कि रेल कर्मी के आवास का मुख्य दरवाज़ा खुला हुआ है और टूटा हुआ ताला ज़मीन पर पड़ा है. पड़ोसियों ने बिना देर किए इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ कंट्रोल रूम और चित्तरंजन थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पीड़ित रेल कर्मी भी आनन-फानन में चित्तरंजन वापस लौटे. जब परिवार ने घर के भीतर कदम रखा, तो देखा कि चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी के लॉकर को तोड़ दिया था और पूरे घर का सामान तितर-बितर कर तलाशी ली थी.
क्वार्टर के पीछे मिले गहनों के खाली डिब्बे
जांच के दौरान पुलिस और आरपीएफ की टीम को क्वार्टर के पिछले हिस्से से गहनों के कई खाली डिब्बे बरामद हुए हैं. पुलिस का अनुमान है कि चोरों ने घर के अंदर ही डिब्बों से जेवरात निकाले और पिछले दरवाज़े के रास्ते फरार हो गए.
30 हजार नकद और जेवर ले उड़े चोर
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर अपने साथ लगभग 30,000 रुपये नकद, चांदी के जेवरात और कीमती सोने के आभूषण ले उड़े हैं. हालांकि, इस चोरी में एक दिलचस्प बात यह रही कि घर के अंदर ही एक साधारण से बैग में कुछ पैसे रखे हुए थे, जिस पर चोरों की नज़र नहीं पड़ी. लापरवाही से रखे होने के कारण वह रकम पूरी तरह सुरक्षित बच गई. फिलहाल चित्तरंजन थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल कर मामले की गहन छानबीन में जुट गई है.