logo

खतरनाक तोहफा : शादी के तोहफे में मिला टेडी बियर ब्लास्ट, दूल्हा जख्मी, प्रेमी ने भिजवाया था गिफ्ट

शादी के तोहफे में मिला टेडी बियर ब्लास्ट, दूल्हा जख्मी, प्रेमी ने भिजवाया था गिफ्ट

डेस्कः
शादी में मिले गिफ्ट्स को देखकर हम बेहद खुश होते हैं और मन में लालसा लगी रहती है कि कब समय मिले और हम इस गिफ्ट को खोलकर देखें। शादी-ब्याह में नये कपल को बहुत सारी गिफ्ट्स मिलते हैं जाहिर सी बात है लेकिन गुजरात के नवसारी जिले में नये दूल्हे को एक गिफ्ट खोलना काफी महंगा पड़ गया। गिफ्ट पैकेट को खोलते ही ब्लास्ट हो गया। जिससे नवविवाहित दूल्हा और उसका 3 साल का भतीजा जख्मी हो गया। दोनों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल दूल्हे की हालत गंभीर बनी हुई है। 


टेडी बियर मिला था 
यह पूरा मामला नवसारी जिले के वंसदा तालुका स्थित मीठांबरी का है। 12 मई को शादी हुई थी, बीते मंगलवार को ही नवविवाहित लतेश गावित ने तोहफों को बारी-बारी देखना शुरू किया। इसी बीच गिफ्ट में मिले एक टेडी बियर में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में दूल्हा समेत उसका 3 साल का भतीजा बुरी तरह झुलस गए। दूल्हे के ससुर ने बताया कि उनकी बेटी सलमा की शादी लतेश के साथ हुई थी। इस दौरान सलमा की बड़ी बहन के पूर्व प्रेमी राजू धसनुख पटेल ने एक आशा वर्कर के हाथ यह गिफ्ट भेजवाया था। मंगलवार के दिन सुबह जब शादी में मिले सभी गिफ्ट को लतेश देख रहा था, तभी टेडी वियर में एक बड़ा धमाका हुआ। 

 

हिरासत में लेकर पूछताछ 

इस पूरे घटनाक्रम में तोहफा भेजने वाला राजू धनसुख पटेल संदेह के घेरे में है। पुलिस को अंदेशा है कि राजू धनसुख पटेल का सलमा के साथ भी पहले से प्रेम संबंध था, लेकिन लड़की ने दूसरे युवक से शादी कर ली। इसी बात का बदला निकालने के लिए आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल वंसदा पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इस गिफ्ट को भेजने वाले को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है