डेस्क :
शुक्रवार को जुम्मे की नमाज़ के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रदर्शन और हिंसा की खबरें आईं। इन घटनाओं पर बीजेपी नेता और पूर्व सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है कि आज बाक़ी भारत कश्मीर की तरह दिख रहा है। बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान को लेकर जुमे की नमाज़ के बाद आज भारत के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। प्रदर्शनकारी नूपुर शर्मा की गिरफ़्तारी की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन ने धारा-144 लागू की
प्रदर्शनकारियों ने कई इलाक़ों में पथराव किया और कई जगह वाहनों में आग लगा दी गई। उत्तर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और कई अन्य जगहों से प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं। झारखंड की राजधानी रांची में बिगड़ते हालत को देखते हुए प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है।

स्वामी ने किया ट्वीट,गृहमंत्री शाह से पूछा सवाल
सुब्रमण्यम स्वामी ने अपने ट्वीट में लिखा कि आज बाक़ी भारत कश्मीर की तरह दिख रहा है जबकि हम ये चाहते थे कि कश्मीर बाक़ी भारत की तरह दिखे। क्या गृह मंत्री के रूप में अमित शाह को किसी समाधान के बारे में पता है? अगर अगले 48 घंटे में स्थिति नियंत्रण में नहीं आती, तो क्या अमित शाह को गृह मंत्री बने रहना चाहिए? उन्होंने आगे लिखा है कि ये नरेंद्र मोदी का फ़ैसला होगा।

नूपुर शर्मा के बयान का विरोध लगातार जारी
बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने पिछले दिनों एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसको लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इससे पहले कानपुर में हुई हिंसा को भी नूपुर शर्मा के बयान से जोड़कर देखा गया। बाद में कई मुस्लिम देशों ने नुपूर शर्मा के बयान पर आपत्ति जताई और भारतीय राजदूतों को बुलाकर अपनी नाराज़गी व्यक्त की थी।
दिल्ली पुलिस ने नूपुर शर्मा के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है लेकिन अभी तक उनकी गिरफ़्तारी नहीं हुई है। बीजेपी ने नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया है, जबकि आपत्तिजनक ट्वीट करने वाले नवीन जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
