logo

दिल्ली : राजनीति द्वारा प्रायोजित और पूर्व नियोजित थी जहांगीरपुरी हिंसा की घटना: संजय राउत

राजनीति द्वारा प्रायोजित और पूर्व नियोजित थी जहांगीरपुरी हिंसा की घटना: संजय राउत

दिल्ली: 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जहांगपुरी में एक धार्मिक जुलूस के दौरान दो पक्षों में झड़प की वारदात हुई थी। गौरतलब है कि हनुमान जयंती के मौके पर जुलूस निकाला गया था। आरोप है कि जब जुलूस जहांगीरपुरी पहुंचा तो भीड़ पर पथराव किया गया। इसके बाद हिंसा भड़की। फिलहाल हिंसा प्रभावित जहांगीरपुरी में रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस की तैनाती कर दी गई है। मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बाकियों की तलाश जारी है। 

अमन-शांति बहाल करने के लिए बैठक
जहांगीरपुरी हिंसा के बाद इलाके में अमन-चैन और शांति कायम करने के उद्देश्य से डीसीपी (नॉर्थ-वेस्ट) द्वारा जहांगीरपुरी थानाक्षेत्र के कुशाल चौक पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें पीएस जहांगीरपुरी, महेंद्र पार्क थाना और आदर्श नगर की अमन कमिटी के सदस्य शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी (नॉर्थ-वेस्ट) उषा रंगनानी कर रही थीं। बैठक में सभी सदस्यों से अफने-अपने इलाके में जनता से शांति, सद्भाव और अमन बनाए रखने की अपील करने के लिए कहा गया है। पुलिस ने मामले की पेशेवर और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। 

कई पुलिसकर्मियों को लगी हैं गंभीर चोट
गौरतलब है कि जहांगीरपुरी हिंसा के प्रत्यक्षदर्शी रहे दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर मेदा लाल ने बताया कि उनको गोली लगी है। मेदा लाल फिलहाल हॉस्पिटल में इलाजरत हैं। उन्होंने बताया कि दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष के दौरान सी-ब्लॉक की तरफ से गोलियां चलीं। पथराव भी किया जा रहा था। उनका कहना है कि कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है। 

शिवसेना नेता संजय राउत का बयान
इधर, जहांगीरपुरी की घटना को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि ये घटनाएं पूर्व नियोजित और राजनीतिक रूप से प्रायोजित हैं। ये हिंदू-मुस्लिम दंगा भड़काने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये सारी कवायद इसलिए हैं क्योंकि हिंदू-पाक, सर्जिकल स्ट्राइक और राम मंदिर का मुद्दा अब बचा नहीं है।

संजय राउत ने कहा कि चुनाव में राजनीतिक फायदा उठाने के लिए जानबूझकर देश का माहौल खराब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामनवमी और हनुमान जयंती में पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। सभी त्योहार शांतिपूर्वक मनाये गए।