logo

दिल्ली : भारत में मंकीपॉक्स से संक्रमित दूसरा मरीज मिला, स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किया अलर्ट

भारत में मंकीपॉक्स से संक्रमित दूसरा मरीज मिला, स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किया अलर्ट

डेस्क: 

भारत में मंकीपॉक्स (Monkeypox) से संक्रमित दूसरे मरीज की पुष्टि हुई है। केरल के कुन्नूर (Coonoor) जिले में मंकीपॉक्स संक्रमित मरीज के मिलने की पुष्टि हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Ministry of Health) और नेशनल सेंट्रल फॉर डिजीज कंट्रोल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। केरल के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 31 वर्षीय शख्स मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित पाया गया है। फिलहाल पेरियारम मेडिकल कॉलेज (Periyaram Medical College) (कुन्नूर) में संक्रमित शख्स का इलाज किया जा रहा है। उसकी हालत स्थिर है। 

 

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से टीमें तैनात
गौरतलब है कि राज्य में मंकीपॉक्स संक्रमित मरीज (Monkeypox infected patients) के मिलने के बाद से स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मल्टी-डिसीप्लानरी सेंट्रल टीम के पदाधिकारियों को तैनात किया गया है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आये लोगों को फिलहाल सर्विलांस पर रखा गया है। इससे पहले 14 जुलाई को भी भारत में मंकीपॉक्स से संक्रमित मरीज की पहचान हुई थी। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बीते शुक्रवार को मंकीपॉक्स बीमारी के प्रबंधन को लेकर नई गाइडलाइन (Monkeypox Guidelines) जारी की है। इसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि संक्रमित व्यक्ति के साथ-साथ मृत जानवरों के संपर्क में आने से भी बचें। ये भी कहा गया कि लोग पैनिक ना करें। ये केवल बहुत करीब से संपर्क में आने वाले व्यक्तियों तक ही फैलता है। 

मंकीपॉक्स के लक्षणों पर करीब से निगाह रखें
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव (Union Health Secretary) ने कहा कि वे मंकीपॉक्स के लक्षणों पर करीब से निगाह रखें। उनकी निगरानी करें। यदि किसी व्यक्ति में ऐसे लक्षण दिखाई देते हैं तो अविलंब उसकी जांच करें। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग भी बेहतर विकल्प हो सकता है। यदि कोई मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया जाता है तो उसे आइसोलेट किए जाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। हेल्थकेयर वर्कर्स को भी सुरक्षा उपकरण मुहैया करवाने का निर्देश दिया गया है। इसका बात का ध्यान रखें कि अस्पतालों में मंकीपॉक्स से निपटने के लिए सभी जरूरी सुविधाएं हों। पर्याप्त मात्रा में मानव संसाधन होना भी सुनिश्चित की जाये। 

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अलर्ट जारी किया है
बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization) ने एशियाई देशों में मंकीपॉक्स संक्रमण को लेकर अलर्ट जारी किया है। मंकीपॉक्स का पहला मामला हाल ही में अफ्रीका महाद्वीप के अलग-अलग देशों से सामने आया था। धीरे-धीरे ये यूरोप और अमेरिकी महाद्वीप के भी कई देशों में फैल गया। भारत में भी मंकीपॉक्स संक्रमण के 2 मरीजों के मिलने की पुष्टि हो चुकी है।