डेस्क :
पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी के लिए भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने शर्मा के बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बयानबाजी की वजह से उदयपुर जैसा दुखद मामला सामने आया है। वह एक पार्टी की प्रवक्ता हैं, इसका मतलब नहीं कि वो कुछ भी बोल सकती हैं।

कोर्ट ने विवादित डिबेट को देखकर कहा "शर्मनाक"
नूपुर शर्मा के मामले में कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि हमने टीवी डिबेट को देखा है। उनको भड़काने की कोशिश की गई , लेकिन उसके बाद उन्होंने जो कुछ कहा, वो शर्मनाक है। नूपुर शर्मा को टीवी पर जाकर पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में आगे कहा कि नूपुर शर्मा के बयान ने देश भर में लोगों की भावनाओं को भड़का दिया है। आज जो कुछ देश में हो रहा है, उसके लिए वो जिम्मेदार हैं।

नुपूर शर्मा ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा
पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित टिप्पणी के बाद भाजपा से निलंबित हो चुकीं नूपुर शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। नूपुर शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर यह मांग की है कि उनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में जितने भी केस दर्ज हैं, उन सभी को दिल्ली ट्रांसफर किया जाए। बता दें कि नूपुर शर्मा के खिलाफ दिल्ली, कोलकाता, बिहार से लेकर पुणे तक कई मामले दर्ज हैं। इसी मामले पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई हुई।