डेस्क :
देश में चल रहे अग्निपथ योजना पर विरोध प्रदर्शनो के बीच आज समाचार एजेंसी ANI को NSA अजीत डोभाल ने इंटरव्यू दिया है। देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को सही ठहराया है। इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि जो हम कल कर रहे थे अगर वही भविष्य में भी करते रहे तो हम सुरक्षित रहेंगे ये जरूरी नहीं। यदि हमें कल की तैयारी करनी है तो हमें परिवर्तित होना पड़ेगा। आवश्यक इसलिए था क्योंकि भारत में, भारत के चारों तरफ माहौल बदल रहा है।

सेना का बड़ा हिस्सा अनुभवी लोगों का होगा - डोभाल
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने कहा कि पिछले 8 सालों में सेना में स्ट्रक्चरल सुधार बहुत हुए हैं। राजनीतिक इच्छाशक्ति न होने के कारण इसको अमल में नहीं लाया जा सका था। रेजिमेंट के सिद्धांत के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होगी, जो रेजिमेंट हैं वे रहेंगी। अकेले अग्निवीरपूरी आर्मी कभी नहीं होंगे, अग्निवीर सिर्फ पहले 4 साल में भर्ती किए गए जवान होंगे। बाकी सेना का बड़ा हिस्सा अनुभवी लोगों का होगा। अजीत डोभाल ने इंटरव्यू में कहा कि बदलते समय के साथ सेना में बदलाव जरूरी है। इसे एक नजरिये से देखने की जरूरत है।

कॉन्टेकलेस युद्धों की ओर जा रहे है,हमें कल की तैयारी करनी है - डोभाल
हो रहे विरोध प्रदर्शन पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने कहा कि FIR दर्ज की गई है। हम जांच के बाद ही कह सकते हैं कि इसके पीछे कौन था। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हम एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं। हम कॉन्टेकलेस युद्धों की ओर जा रहे हैं, और अदृश्य शत्रु के विरूद्ध युद्ध की ओर भी जा रहे हैं। तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है। हम बदल कर ही कल की तैयारी कर सकते है।
