डेस्क:
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोहम्मद ज़ुबैर और तीस्ता सीतलवाड़ की गिरफ़्तारी पर सवाल उठाया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार ममता ने कहा कि ऑल्ट न्यूज़ के सह संस्थापक मोहम्मद ज़ुबैर और तीस्ता सीतलवाड़ को क्यों गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग नफ़रत और हिंसा फैलाते हैं, उसके ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं होती। ममता बनर्जी ने अग्निपथ योजना को लेकर भी मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 2024 चुनाव से पहले अग्निपथ एक बड़ा स्कैम है। उन्होंने इसे जुमला राजनीति का उदाहरण बताया।

मोहम्मद ज़ुबैर पर धार्मिक भावनाएँ भड़काने का आरोप
सोमवार को दिल्ली पुलिस ने ऑल्ट न्यूज़ के सह संस्थापक मोहम्मद ज़ुबैर को गिरफ़्तार किया था। उन पर धार्मिक भावनाएँ भड़काने का आरोप है। उन्हें एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था। जिसकी अवधि मंगलवार शाम तक ख़त्म हो जाएगी। उसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। दूसरी ओर पिछले दिनों गुजरात पुलिस ने तीस्ता सीतलवाड़ को मुंबई से गिरफ़्तार किया था। सीतलवाड़ के ख़िलाफ़ कार्रवाई गुजरात दंगों से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका ख़ारिज होने के एक दिन बाद हुई थी।

ममता ने अग्निपथ को बताया चुनाव से पहले बड़ा घोटाला
पिछले दिनों मोदी सरकार ने सेना में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना का ऐलान किया था। इसे लेकर ममता बनर्जी ने कहा कि 2024 चुनाव से पहले अग्निपथ एक बड़ा स्कैम है। उन्होंने इसे जुमला राजनीति का उदाहरण बताया। अग्निपथ योजना के तहत चार साल के लिए ही नियुक्ति होनी है और चार साल के बाद केवल 25 फ़ीसदी लोगों को ही रीटेन किए जाने का प्रावधान योजना में किया गया है।
