डेस्क:
छत्तीसगढ़(Chattisgarh) से जघन्य अपराध की घटना सामने आई है। यहाँ राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में केंद्रीय स्कूल(Central school) की 9वीं कक्षा की छात्रा की रेप(Rape) के बाद हत्या कर दी गई। छात्रा दो दिन पहले स्कूल जाने के बाद से लापता थी। उसका शव गुरुवार को डोंगरगढ़ के आगे डंगोरा डैम की पहाड़ियों में मिला है। प्रारंभिक जांच(Investigation) में पुलिस ने छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि की है। इस दौरान पुलिस को एक CCTV फुटेज मिला है। इसमें छात्रा एक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर जाती दिख रही है।

14 साल की छात्रा को परिजन छोड़ने जाते थे स्कूल
14 साल की छात्रा ग्राम कौतुलवाही की रहने वाली हैं। प्रतिदिन छात्रा को उसके परिजन स्कूल छोड़ने के लिए जाते थे। लौटते समय छात्रा बस से गांव आती थी। 19 जुलाई को भी रोज की तरह छात्रा को परिजन स्कूल छोड़ आए थे।लेकिन, छुट्टी होने के काफी देर बाद भी छात्रा नहीं लौटी। दोपहर करीब 2.40 बजे तक छात्रा का पता नहीं चला तो परिजन तलाश के लिए निकले। काफी प्रयास के बाद जब छात्रा नहीं मिली तब थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज़ करवाई गई।

चरवाहों ने सरपंच को बताया, पुलिस ने देर रात शव को किया बरामद
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज़ करने के बाद पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसी बीच बुधवार दोपहर को डंगोरा गांव के कुछ चरवाहे जंगल में जानवर चराने के लिए पहुंचे। वहां उन्होंने एक लड़की का शव पड़ा देख सरपंच को इसकी सूचना दी। इसके बाद सरपंच ने रात में पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने देर रात ही मौके से शव को बरामद कर लिया।

CCTV में बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं होने से युवक पुलिस की पहुंच से बाहर
छात्रा के साथ दुष्कर्म की पुष्टि के बाद प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। आरोपी ने छात्रा के गले पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की है। इस बीच पुलिस को रेलवे फाटक के पास ग्राउंड के पीछे लगे एक CCTV से छात्रा की फुटेज मिली। इसमें छात्रा बाइक पर एक युवक के साथ बैठकर जाती दिखाई दी। बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं होने के चलते अभी तक युवक की पहचान नहीं हो सकी।