डेस्क :
दो राज्यों उत्तर प्रदेश और पंजाब की कुल तीन लोकसभा सीटों (यूपी के आजमगढ़, रामपुर और पंजाब के संगरूर) के अलावा चार अन्य राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे और रुझान आ गए हैं। उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार घनश्याम लोधी ने करीब 40 हजार मतों के अंतर से इस सीट पर जीत हासिल की है। वही आजमगढ़ सीट पर भी बीजेपी के उम्मीदवार दिनेश लाल यादव उर्फ़ निरहुआ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई धर्मेंद्र यादव से आगे चल रहे हैं।

पंजाब में 'आप' की हार
पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के उम्मीदवार सिमरणजीत सिंह मान ने जीत दर्ज की है। 77 वर्षीय मान ने यह सीट आप से छीनी है। उन्होंने आप उम्मीदवार गुरमैल सिंह को हरा दिया है। 2019 में इस सीट से भगवंत मान चुने गए थे। उन्होंने सीएम बनने के बाद सांसद पद से इस्तीफा दिया था,जिसके बाद ये सीट खाली हुई थी।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा जीते
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा चुनाव जीत गए हैं। त्रिपुरा की टाउन बारदोवाली से किस्मत आजमा रहे माणिक साहा को मुख्यमंत्री बने रहने के लिये यह चुनाव जीतना जरूरी था। वही राजधानी दिल्ली के राजिंदर नगर विधान सभा सीट से आम आदमी पार्टी उम्मीदवार दुर्गेश पाठक 11,555 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। त्रिपुरा के ही अगरतला से कांग्रेस के सुदीप रॉय बर्मन भी चुनाव जीत गए हैं। इसके साथ झारखंड में माण्डर विधानसभा सीट पर कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की ने अजेय बढ़त बना ली है।
